फरेबी इश्क


अध्याय 1

बनारस की तंग गलियों में शाम धीरे-धीरे उतर रही थी। गंगा किनारे बहती ठंडी हवा में एक अजीब सा सुकून था, लेकिन उसी सुकून के बीच नितिन की आँखों में कुछ और ही चल रहा था। नितिन... एक ऐसा लड़का जिसे शब्दों से खेलना आता था। उसकी शायरी सिर्फ शौक नहीं थी, बल्कि उसका हथियार थी। वो दिलों को जीतता नहीं था, उन्हें जाल में फँसाता था।

उसकी जिंदगी में पहले भी कई लड़कियाँ आईं, हर एक को उसने अपने मीठे शब्दों, झूठी तारीफों और नकली एहसासों से अपने करीब लाया... और फिर एक दिन बिना कुछ कहे दूर चला गया। उसके लिए प्यार सिर्फ एक खेल था, एक आदत... एक नशा।

आज उसकी नजर एक नई लड़की पर पड़ी थी — रश्मि

रश्मि, जो पहली नजर में ही बाकी लड़कियों से अलग लग रही थी। उसकी आँखों में मासूमियत थी, लेकिन साथ ही एक गहराई भी… जैसे वो दुनिया को समझती हो, पर फिर भी भरोसा करना चाहती हो। यही बात नितिन को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रही थी।

नितिन दूर खड़ा उसे देख रहा था। रश्मि अपनी सहेलियों के साथ हँस रही थी, लेकिन उसकी हँसी में भी कहीं हल्की सी उदासी छुपी थी। नितिन ने मुस्कुराते हुए अपने आप से कहा,
"ये खेल थोड़ा दिलचस्प होगा..."

उसने धीरे-धीरे अपनी चाल शुरू की।

अगले दिन, गंगा घाट पर, नितिन जानबूझकर उसी समय पहुँचा जब रश्मि रोज आती थी। वो थोड़ा दूर बैठ गया और अपनी डायरी खोलकर कुछ लिखने लगा। कुछ देर बाद उसने ऊँची आवाज में अपनी शायरी पढ़नी शुरू की —
"कुछ लोग मिलते हैं ऐसे, जैसे किस्मत का इशारा हो,
दिल को छू जाए उनकी बातें, जैसे कोई हमारा हो..."

रश्मि का ध्यान उसकी ओर गया। वो अनजाने में उसकी बातें सुनने लगी। नितिन ने महसूस कर लिया कि तीर सही जगह लगा है।

कुछ दिन यही सिलसिला चलता रहा। नितिन हर दिन नई शायरी, नई बातें और नई मुस्कान लेकर आता। धीरे-धीरे रश्मि उसके पास आकर बैठने लगी। पहले सिर्फ सुनती थी, फिर हल्की-हल्की बातें करने लगी।

नितिन हर बार उसकी तारीफ करता —
"तुम्हारी आँखों में एक अलग ही कहानी है..."
"तुम जैसी सादगी आजकल मिलती नहीं..."

रश्मि पहले हँसकर टाल देती, लेकिन अंदर ही अंदर वो उन शब्दों को महसूस करने लगी थी।

उसे लगा कि शायद इस बार कोई सच में उसे समझ रहा है।

लेकिन नितिन के लिए ये सब एक खेल था… और रश्मि उसकी अगली चाल।

एक शाम, जब सूरज डूब रहा था और आसमान हल्का लाल हो चुका था, नितिन ने रश्मि की तरफ देखते हुए कहा —
"तुम्हें पता है, कुछ लोग जिंदगी में देर से आते हैं... लेकिन सही समय पर आते हैं।"

रश्मि ने उसकी आँखों में देखा… और पहली बार उसे लगा कि शायद ये मुलाकात कोई इत्तेफाक नहीं है।

उसे नहीं पता था…
कि वो एक ऐसे खेल में कदम रख चुकी है,
जहाँ दिल तो उसका होगा…
लेकिन कहानी नितिन लिखेगा।


अध्याय 2

बनारस की वही शाम… वही घाट… लेकिन अब कहानी थोड़ी आगे बढ़ चुकी थी।
नितिन और रश्मि के बीच अब सिर्फ नज़रें नहीं, बातें भी होने लगी थीं।

उस दिन नितिन ने हल्की मुस्कान के साथ कहा,
"वैसे… तुम्हारी बातें अच्छी लगती हैं, लेकिन ये कुछ देर की मुलाकात कम लगती है..."

रश्मि ने थोड़ी झिझक के साथ पूछा,
"तो क्या करें?"

नितिन ने तुरंत जवाब दिया,
"नंबर दे दो… फिर तो दिन भर बातें होंगी।"

रश्मि कुछ सेकंड चुप रही… फिर धीरे से मुस्कुरा कर अपना नंबर लिख दिया।
उसी पल, एक नया रिश्ता शुरू हो गया… या शायद एक नया खेल।

अब दिन-रात मोबाइल की स्क्रीन पर ही दोनों की दुनिया बस गई थी।

सुबह उठते ही नितिन का मैसेज आता —
"Good Morning… उठ गई या अभी भी सपनों में खोई हो?"

रश्मि भी अब मुस्कुराते हुए जवाब देने लगी —
"अभी उठी हूँ… तुम?"

धीरे-धीरे बातें बढ़ने लगीं…
"खाना खाया?"
"क्या कर रही हो?"
"इतनी देर क्यों लगाई रिप्लाई में?"

और फिर वो छोटे-छोटे नए जमाने वाले मजाक…
"अकेले-अकेले चाय पी रही हो?"
"मुझे भी बुला लेती…"

रश्मि अब खुलने लगी थी।
वो अपनी हर छोटी बात नितिन को बताने लगी —
"मैं अभी नहाने जा रही हूँ…",
"आज बहुत थक गई हूँ…",
"तुमसे बात करके अच्छा लगता है…"

नितिन हर बार सही जवाब देता…
ऐसे जवाब, जो सीधे दिल को छू जाएं —
"तुम्हारी हर बात खास लगती है..."
"तुम्हारे बिना दिन अधूरा लगता है..."

रश्मि अब सच में बदलने लगी थी।
जहाँ पहले वो शांत रहती थी, अब हर पल फोन की तरफ देखती रहती थी।
हर नोटिफिकेशन पर उसका दिल तेज धड़कता…
और अगर नितिन का मैसेज होता, तो उसके चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती।

लेकिन नितिन…
वो अभी भी वही था।

उसके लिए ये सब नया नहीं था।
वो जानता था कब क्या कहना है, कैसे किसी को अपने करीब लाना है।
हर लड़की के लिए उसके पास अलग शब्द होते थे…
लेकिन मकसद हमेशा एक ही होता था।

एक रात, जब दोनों काफी देर से बात कर रहे थे, नितिन ने लिखा —
"तुमसे बात करते-करते टाइम का पता ही नहीं चलता..."

रश्मि ने तुरंत जवाब दिया —
"सच में… लगता है जैसे दिन छोटा पड़ गया है..."

नितिन मुस्कुराया…
क्योंकि वो जान गया था —
रश्मि अब पूरी तरह उसकी बातों में खो चुकी है।

लेकिन रश्मि को ये नहीं पता था…
कि जो बातें उसे खास महसूस करा रही हैं,
वो सिर्फ उसके लिए नहीं थीं।

वो तो बस एक और नाम थी…
नितिन की लंबी लिस्ट में।

और शायद…
इस बार दिल टूटने की आवाज थोड़ी ज़्यादा गूंजने वाली थी।


अध्याय 3

समय धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था…
अब नितिन और रश्मि की बातें सिर्फ आदत नहीं, जरूरत बन चुकी थीं।

रश्मि कई दिनों से एक बात बार-बार सोच रही थी — उसका Birthday आने वाला था।
उसे कहीं न कहीं उम्मीद थी… कि इस बार कोई उसे खास महसूस कराएगा…
और वो “कोई” अब नितिन बन चुका था।

लेकिन…
उस दिन सुबह से शाम हो गई…
मोबाइल कई बार चेक किया…
हर नोटिफिकेशन पर दिल धड़का…
पर नितिन का कोई मैसेज नहीं आया।

रश्मि की आँखों में हल्की नमी उतर आई।
उसने खुद से कहा —
"शायद मैं ही ज़्यादा सोच रही थी..."

पूरे दिन उसने इंतजार किया…
पर नितिन की तरफ से एक “Happy Birthday” भी नहीं आया।

रात होने लगी… और तभी अचानक नितिन का मैसेज आया —
"थोड़ी देर के लिए बाहर आ सकती हो?"

रश्मि ने बिना कुछ सोचे जवाब दिया —
"हाँ… कहाँ?"

नितिन ने एक लोकेशन भेज दी।

रश्मि थोड़ी उलझन में थी… लेकिन दिल में एक अजीब सी उम्मीद भी थी।
वो तैयार होकर धीरे-धीरे उस जगह पहुँची।

जैसे ही उसने अंदर कदम रखा…
वो ठहर गई।

पूरी जगह हल्की रोशनी से सजी हुई थी…
चारों तरफ छोटी-छोटी लाइट्स चमक रही थीं…
टेबल पर केक रखा था… फूल सजे हुए थे…
सब कुछ एकदम फिल्म जैसा… जैसे कोई सपना हो।

और वहाँ… बीच में खड़ा था — नितिन।

उसने मुस्कुराते हुए कहा —
"Happy Birthday, Rashmi..."

रश्मि की आँखें भर आईं…
जिस पल का वो पूरे दिन इंतजार कर रही थी…
वो अब उसके सामने था।

"तुमने… पूरे दिन विश क्यों नहीं किया?"
रश्मि ने हल्की नाराज़गी में पूछा।

नितिन उसके करीब आया और धीरे से बोला —
"क्योंकि कुछ सरप्राइज… देर से ही अच्छे लगते हैं..."

रश्मि मुस्कुरा दी।
उस पल में उसे सब कुछ सच्चा लग रहा था…
हर एहसास… हर बात।

दोनों टेबल के पास बैठे… केक काटा…
हँसी, बातें… और वो खास पल…
जिसे रश्मि शायद कभी भूल नहीं पाएगी।

थोड़ी देर बाद, माहौल और भी शांत हो गया।
नितिन ने धीरे-धीरे रश्मि की तरफ कदम बढ़ाए…
उसकी आँखों में देखते हुए कुछ कहने ही वाला था…

"रश्मि… मैं तुमसे—"

तभी…

पीछे से एक आवाज आई —
"नितिन…? तुम हो क्या?"

दोनों अचानक चौंक गए।

नितिन ने पलटकर देखा…
और उसका चेहरा एकदम बदल गया।

वहाँ खड़ी थी — कोमल

उसकी आँखों में गुस्सा भी था… और एक अधूरा सवाल भी।
जैसे वो सब कुछ समझ चुकी हो… या समझने ही वाली हो।

रश्मि ने नितिन की तरफ देखा…
उसके चेहरे पर पहली बार घबराहट साफ दिखाई दे रही थी।

उस पल…
जहाँ सब कुछ एक खूबसूरत शुरुआत जैसा लग रहा था…
वहीं अचानक कहानी ने एक अंधेरा मोड़ ले लिया।

अब सवाल ये था…
कि नितिन सच बताएगा…
या फिर एक और झूठ रच देगा।


अध्याय 4

वो पल… जैसे समय अचानक थम गया हो।

रश्मि की आँखें अब नितिन पर टिकी थीं…
और नितिन की नजरें कोमल पर।

कुछ सेकंड की खामोशी… लेकिन उस खामोशी में बहुत कुछ था।

कोमल ने फिर कहा —
"तो ये सब चल रहा है अब?"

उसकी आवाज में तंज भी था… और दर्द भी।

रश्मि अब पूरी तरह उलझ चुकी थी।
उसने धीरे से नितिन से पूछा —
"ये कौन है?"

नितिन ने एक गहरी सांस ली…
और फिर वही किया… जो उसे सबसे अच्छे से आता था —
बातों से हालात बदलना।

वो रश्मि के थोड़ा करीब आया और बोला —
"ये… मेरा बीता हुआ वक्त है। एक ऐसा हिस्सा, जिसे मैं बहुत पहले पीछे छोड़ चुका हूँ।"

कोमल हँस पड़ी —
"पीछे छोड़ चुके हो? या हर बार किसी नई लड़की के आने पर छोड़ देते हो?"

नितिन ने उसकी बात को अनसुना किया…
जैसे वो सिर्फ रश्मि को ही देख रहा हो।

"रश्मि… हर इंसान की जिंदगी में कुछ गलत फैसले होते हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वो बदल नहीं सकता..."

उसकी आवाज में वही softness थी… वही भरोसा…
जो दिल को सीधा छू जाए।

रश्मि चुप थी… लेकिन उसकी आँखों में सवाल थे।

नितिन ने आगे कहा —
"जब मैं तुमसे मिला… तो पहली बार लगा कि मुझे खुद को बदलना चाहिए। तुम्हारे साथ सब कुछ अलग लगता है… सच्चा लगता है।"

कोमल अब गुस्से में थी —
"तुम वही पुरानी बातें दोहरा रहे हो नितिन… बस नाम बदल गया है!"

लेकिन इस बार…
नितिन ने उसकी तरफ देखा तक नहीं।

वो धीरे से रश्मि का हाथ पकड़ते हुए बोला —
"अगर तुम चाहो… तो मैं अभी चला जाता हूँ। लेकिन जाने से पहले बस एक बात कहना चाहता हूँ… कि जो मैं तुम्हारे लिए महसूस करता हूँ, वो पहले कभी किसी के लिए नहीं किया।"

रश्मि का दिल तेज धड़कने लगा।

उसके सामने दो सच्चाइयाँ खड़ी थीं —
एक कोमल की कड़वी बातें…
और दूसरी नितिन की मीठी आवाज।

और अक्सर…
दिल मीठी आवाज को ही सच मान लेता है।

रश्मि ने धीरे से अपना हाथ नहीं हटाया।

उसकी खामोशी ही उसका जवाब बन गई।

कोमल ने ये सब देखा…
और बिना कुछ कहे वहाँ से चली गई।

उसकी आँखों में आँसू थे…
लेकिन इस बार वो कुछ भी समझाने नहीं रुकी।

नितिन ने हल्की मुस्कान के साथ रश्मि की तरफ देखा —
जैसे उसने एक बार फिर जीत हासिल कर ली हो।

"चलो… आज की रात खराब नहीं करते..."
उसने धीरे से कहा।

रश्मि ने भी मुस्कुरा कर सिर हिला दिया…
हालाँकि उसके अंदर कहीं एक हल्की सी बेचैनी अभी भी बाकी थी।

लेकिन उस बेचैनी को उसने नजरअंदाज कर दिया…
क्योंकि वो फिर से उसी जाल में उलझ चुकी थी…
जिसे वो प्यार समझ बैठी थी।

और नितिन…
उसने एक बार फिर साबित कर दिया…
कि उसके लिए दिलों से खेलना…
बस एक आदत है।

कहानी यहाँ खत्म नहीं हुई…
बल्कि यहीं से शुरू हुआ…
एक ऐसा अंधेरा सफर…
जहाँ प्यार कम… और दर्द ज्यादा होने वाला था।


अध्याय 5

रात और गहरी होती जा रही थी…
और नितिन के इरादे भी।

अब उसके चेहरे पर वही पुरानी सोच लौट आई थी —
"अब वक्त आ गया है…"

वो जानता था कि रश्मि अब उसकी बातों में उलझ चुकी है…
बस एक हल्का सा धक्का और… सब उसके हिसाब से हो सकता है।

उसने रश्मि को मैसेज किया —
"कल मिल सकती हो? कुछ खास बात करनी है..."

रश्मि ने थोड़ा सोचा…
फिर जवाब दिया —
"ठीक है… लेकिन ज्यादा देर नहीं रुक पाऊँगी।"

अगले दिन, नितिन पहले से ही वहाँ मौजूद था।
उसके हाथ में एक छोटा सा गिफ्ट था — एक चॉकलेट

रश्मि आई…
उसकी आँखों में वही भरोसा था… जो धीरे-धीरे गहराता जा रहा था।

नितिन ने मुस्कुराकर चॉकलेट उसकी तरफ बढ़ाई —
"तुम्हारे लिए…"

रश्मि ने हल्की मुस्कान के साथ ले लिया —
"इतनी तैयारी क्यों करते हो?"

नितिन ने धीरे से कहा —
"क्योंकि तुम खास हो..."

वो दोनों बैठ गए…
बातें होने लगीं… वही रोज वाली…
लेकिन आज नितिन की बातों में एक अलग ही गहराई थी।

वो धीरे-धीरे शायरी सुनाने लगा —
"कभी-कभी कुछ रिश्ते शब्दों से नहीं… एहसासों से पूरे होते हैं,
जो पास रहकर भी दूर हैं… वो करीब आकर ही पूरे होते हैं..."

रश्मि चुप होकर उसे सुनती रही…
उसके शब्द जैसे उसके दिल में उतरते जा रहे थे।

कुछ देर बाद नितिन ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा —
"रश्मि… क्या तुम मुझ पर भरोसा करती हो?"

रश्मि थोड़ी घबरा गई —
"हाँ… लेकिन तुम ऐसा क्यों पूछ रहे हो?"

नितिन ने धीरे से कहा —
"क्योंकि मैं चाहता हूँ… कि हम और करीब आएं… सिर्फ बातों में नहीं… बल्कि एहसासों में भी..."

रश्मि एकदम चुप हो गई।

उसने नजरें झुका लीं —
"नितिन… मुझे नहीं लगता ये सही है…"

कुछ पल के लिए खामोशी छा गई।

नितिन ने तुरंत अपनी आवाज को और नरम किया —
"मैं तुम्हें मजबूर नहीं कर रहा… बस अपना दिल बता रहा हूँ। अगर तुम्हें सही न लगे… तो हम यहीं रुक जाते हैं..."

उसकी यही बात…
रश्मि के दिल को और उलझा गई।

वो सोच में पड़ गई…
एक तरफ उसकी हिचकिचाहट…
दूसरी तरफ नितिन की मीठी बातें… और उसका भरोसा।

धीरे-धीरे…
उसका मन कमजोर पड़ने लगा।

उसने धीरे से कहा —
"अगर… तुम्हें सच में लगता है कि ये सही है…"

नितिन ने उसकी बात पूरी होने से पहले ही उसकी तरफ देखा…
और हल्का सा मुस्कुराया।

रश्मि ने आँखें बंद कर लीं…
और बहुत धीरे से सिर हिला दिया।

यही वो पल था…
जिसका नितिन इंतजार कर रहा था।

वो खड़ा हुआ…
और रश्मि की तरफ हाथ बढ़ाया —
"चलें?"

रश्मि ने कुछ नहीं कहा…
बस उसका हाथ थाम लिया।

दोनों साथ में आगे बढ़ने लगे…
रात की सड़कों पर…
जहाँ रोशनी कम थी… और खामोशी ज्यादा।

उनके कदम एक ऐसी दिशा में बढ़ रहे थे…
जहाँ से वापसी आसान नहीं होती।

और कहानी…
एक और अंधेरे मोड़ की तरफ बढ़ चुकी थी।

(आगे जारी…)


अध्याय 6 (अंतिम अध्याय)

रात अब पूरी तरह उतर चुकी थी…
और होटल के उस कमरे में खामोशी थी… लेकिन अंदर बहुत कुछ चल रहा था।

नितिन ने दरवाज़ा बंद किया…
और रश्मि की तरफ देखा।
उसकी आँखों में भरोसा था… वही भरोसा, जिसे नितिन धीरे-धीरे अपने हिसाब से मोड़ चुका था।

वो उसके करीब आया…
और धीमी आवाज में बोला —
"डरने की ज़रूरत नहीं… मैं हूँ ना…"

रश्मि के कदम हल्के-हल्के पीछे हटे…
उसके अंदर कहीं एक डर था…
लेकिन वो उस डर को समझ नहीं पा रही थी।

नितिन ने फिर वही किया…
अपने शब्दों का जाल।

"प्यार सिर्फ बातों से नहीं होता… कभी-कभी एहसासों को करीब से महसूस करना पड़ता है…"

उसकी बातें…
उसका अंदाज़…
सब कुछ रश्मि को एक ऐसे मोड़ पर ला चुका था जहाँ सही और गलत के बीच की लाइन धुंधली हो गई थी।

रश्मि ने धीरे से आँखें बंद कर लीं…
और उस पल को खुद पर हावी होने दिया।

कमरे में बस खामोशी थी…
और कुछ ऐसे पल… जिन्हें शब्दों में नहीं, सिर्फ एहसासों में समझा जा सकता है।

लेकिन…

अचानक…

दरवाज़ा ज़ोर से खुला।

रश्मि चौंक कर उठी।
नितिन का चेहरा एकदम सख्त हो गया।

दरवाज़े पर खड़ी थी — कोमल

लेकिन इस बार वो अकेली नहीं थी।

उसके साथ कुछ और लड़कियाँ भी थीं…
हर एक के चेहरे पर गुस्सा… दर्द… और धोखे की कहानी साफ दिख रही थी।

कोमल ने कमरे में कदम रखा…
और सीधे रश्मि की तरफ देखा।

"तुम्हें लगता है ये तुमसे प्यार करता है?"

रश्मि कुछ बोल नहीं पाई।

एक लड़की आगे आई —
"इसने मुझे भी ऐसे ही चॉकलेट दी थी… फिर बातें… फिर भरोसा…"

दूसरी ने कहा —
"मेरे साथ भी यही हुआ… पहले शायरी… फिर झूठा प्यार…"

हर आवाज…
हर शब्द…
रश्मि के दिल पर चोट कर रहा था।

उसकी आँखों के सामने जैसे सब कुछ टूटने लगा।

वो नितिन की तरफ मुड़ी —
"ये… ये सब सच है?"

नितिन चुप था।

उसके पास अब कोई शब्द नहीं थे।

वो पहली बार…
बिलकुल खाली था।

रश्मि के हाथ काँपने लगे…
उसकी आँखों से आँसू बहने लगे।

"मैंने तुम पर भरोसा किया…"
उसकी आवाज टूट रही थी।

कमरे की हवा भारी हो चुकी थी।

रश्मि धीरे-धीरे पीछे हटने लगी…
उसके कदम लड़खड़ा रहे थे।

वो खिड़की के पास पहुँच गई।

सब उसे रोकने की कोशिश करने लगे —
"रश्मि… रुक जाओ!"

लेकिन अब बहुत देर हो चुकी थी।

उसकी आँखों में अब सिर्फ एक ही चीज थी —
टूटा हुआ भरोसा।

उसने आखिरी बार नितिन की तरफ देखा…
और धीरे से कहा —
"प्यार… खेल नहीं होता…"

और अगले ही पल…

सब कुछ खत्म हो गया।

कमरे में चीखें गूंज उठीं…
लेकिन अब कुछ भी बदला नहीं जा सकता था।

कुछ ही देर में पुलिस आ गई।

नितिन खड़ा था…
बिलकुल शांत…
जैसे उसे अब समझ आ गया हो कि उसने क्या खो दिया।

पुलिस उसे पकड़कर ले जाने लगी।

उसकी जिंदगी… जो अब तक दूसरों के दिलों से खेलती आई थी…
आज खुद एक सजा बन चुकी थी।

और रश्मि…
वो सिर्फ एक नाम बनकर रह गई…
एक ऐसी कहानी का हिस्सा…
जिसका अंत बहुत दर्दनाक था।

इस कहानी ने बस एक बात सिखाई —
झूठे प्यार का अंत हमेशा बुरा होता है…
और भरोसा… सबसे कीमती होता है।

(समाप्त)

No Comment
Add Comment
comment url

Saved Posts

Reading History